बड़ी खबर : अमृतसर में मैरिज पैलेस के अंदर आम आदमी पार्टी के सरपंच का कत्ल, खाना खा रहे थे, तभी माथे पर मारी गोली, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
January 4, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब, होम
अमृतसर, (PNL) : पंजाब के अमृतसर से बड़ी खबर है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच का गोली मारकर कत्ल कर दिया गया है। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बदमाशों ने पैलेस में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उनके सिर पर गोलियां मारी गईं। गोली लगते ही सरपंच जरमल सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। यह देख उन्हें तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
फायरिंग का पता चलते ही पुलिस पैलेस में पहुंची। टीम ने पूरे पैलेस को घेरकर जांच शुरू की और शादी समारोह में आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि सरपंच की रेकी की जा रही थी। वह तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले थे और मौजूदा सरपंच थे। पुलिस जांच के मुताबिक, उन पर 3 बार पहले भी हमला हो चुका है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शादी में पहुंचे AAP विधायक सरवन सिंह बताया है कि हमलावर कोट-पेंट पहन बाराती बनकर आए थे। उन्होंने खाना खाते वक्त सरपंच के सिर में गोली मारी।
-
AAP विधायक सरवन सिंह ने बताया- अमरकोट के सरपंच शैरी की बहन की शादी थी। मैं भी शादी समारोह में था। मैं हॉल में था और सरपंच जरमल टेबल पर बैठकर खाना खा रहे थे। परिवार का कहना है कि उन्हें गैंगस्टर की धमकी मिल रही थी। उनसे फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में सरपंच ने वल्टोहा थाने में केस भी दर्ज कराया था। यह रंजिश का मामला नहीं, बल्कि गैंगस्टर उन्हें धमका रहे थे। हत्या के पीछे की यही वजह हो सकती है।
-
हमलावरों ने केवल सरपंच को निशाना बनाया: विधायक ने कहा- फायरिंग की आवाज सुनकर हम दौड़कर बाहर आए। तब तक उन्हें गोलियां मारी जा चुकी थीं। हमलावरों ने सिर्फ सरपंच को ही टारगेट किया। सरपंच के साथ टेबल पर बैठकर खाना खाते बाकी लोगों ने बताया कि हमलावर 2 थे। मेरी सिक्योरिटी भी मेरे साथ हॉल में ही थी।
-
सिक्योरिटी ने लापरवाही बरती: विधायक ने कहा- सरपंच को सिक्योरिटी भी मिली हुई थी, लेकिन शायद सिक्योरिटी में कोई लापरवाही बरती गई। मैं भी उनसे मिला था। हमने एक साथ शगुन दिया। फिर मैं खाना खाने चला गया और वह टेबल पर दोस्तों के साथ बैठ गए। हमलावरों ने कोट-पेंट पहना था। उन्होंने मुंह भी नहीं ढंका हुआ था।