अमेरिका में पंजाबी युवक ने पत्नी का किया कत्ल, फिर लाश जलाकर फेंकी, ICE एजेंटों पर लगाया अपहरण का झूठा आरोप, ऐसे खुला राज
Punjab News Live -PNL
October 17, 2026
ताजा खबर, देश विदेश, होम
सैक्रामेंटो (PNL): अमेरिका के कैलिफोर्निया में पंजाबी मूल के एक युवक पर अपनी पत्नी की हत्या करने और फिर पुलिस को गुमराह करने का आरोप लगा है। आरोपी ने पत्नी के लापता होने के बाद दावा किया था कि अमेरिकी आव्रजन एजेंसी ICE के एजेंट उसे हिरासत में लेकर चले गए हैं। हालांकि, जांच के दौरान यह कहानी संदिग्ध पाई गई। महिला की जली हुई लाश मिलने और DNA जांच में पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने 16 अक्टूबर को उसके पति गुरिंदर गिल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, जैसमीन गिल को आखिरी बार 30 सितंबर को सैक्रामेंटो स्थित उनके घर पर देखा गया था। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। 4 अक्टूबर को उनके चचेरे भाई ने पुलिस को उनकी गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
इस बीच, 1 अक्टूबर को एल्डोराडो काउंटी में पुलिस को एक जली हुई लाश मिली थी। फॉरेंसिक जांच और DNA रिपोर्ट के जरिए मृतका की पहचान जैसमीन गिल के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
पति ने सुनाई ICE एजेंटों की कहानी
जैसमीन के लापता होने के बाद उनके पति गुरिंदर गिल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी घर के बाहर लगे मेलबॉक्स में डाक चेक कर रही थीं। इसी दौरान ICE के एजेंट वहां पहुंचे और उन्हें हिरासत में लेकर चले गए।
हालांकि, पुलिस को गुरिंदर के इस दावे पर संदेह हुआ। अधिकारियों ने जब संबंधित आव्रजन एजेंसी से संपर्क किया, तो वहां से ऐसी किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने गुरिंदर के बयानों और मामले से जुड़े अन्य सबूतों की जांच शुरू की।
तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रहा था विवाद
जांच में सामने आया कि गुरिंदर और जैसमीन के वैवाहिक संबंध ठीक नहीं थे। दोनों के बीच तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था। पुलिस इस विवाद को हत्या की संभावित वजहों में से एक मानकर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
16 अक्टूबर को आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान गुरिंदर के बयानों में कथित विरोधाभास मिलने के बाद उसकी भूमिका की पड़ताल की। इसके बाद 16 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर सैक्रामेंटो काउंटी की मुख्य जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी से जुड़े दो ठिकानों पर छापेमारी कर सबूत भी जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।