6 साल पहले इंग्लैंड से लौटा, डिप्रेशन में था… अमृतसर में मां और 2 कुत्तों की हत्या कर खुद को मारी गोली
Punjab News Live -PNL
November 25, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : पंजाब के अमृतसर में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. गुमटाला इलाके के जुझार सिंह एवेन्यू में एक व्यक्ति ने अपनी बुजुर्ग मां और दो पालतू कुत्तों की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने घर के पीछे बने खाली प्लॉट में जाकर खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई. शुरुआती जांच में आरोपी के डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है.
गोलियों की आवाज से दहला इलाका
घटना जुझार सिंह एवेन्यू की कोठी नंबर-182 में हुई. यहां हरप्रीत सिंह (50) अपने परिवार के साथ रहता था. मंगलवार को अचानक उसके घर के अंदर गोलियां चलने लगीं. हरप्रीत ने सबसे पहले अपने दो पालतू कुत्तों के सिर में गोली मारी. इसके बाद अपनी बुजुर्ग मां को भी गोली मार दी. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मां और कुत्तों को गोली मारने के बाद हरप्रीत घर से बाहर निकला और पीछे बने एक खाली प्लॉट में पहुंच गया. वहां उसने खुद को भी गोली मार ली. गोली लगने से उसकी भी मौत हो गई.
घटना के समय हरप्रीत सिंह की भाभी और उसकी दो बेटियां घर के एक कमरे में सो रही थीं. अचानक गोलियों की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई. बाहर आने पर उन्हें पूरी घटना का पता चला. हरप्रीत की भाभी ने बताया कि वारदात के समय वह अपनी दोनों बेटियों के साथ कमरे में थीं. गोलियों की आवाज सुनकर जब वह बाहर आईं तो उनकी सास और दोनों पालतू कुत्ते खून से लथपथ पड़े थे. वहीं हरप्रीत घर के पीछे खाली प्लॉट में जाकर खुद को गोली मार चुका था.
2021 में इंग्लैंड से लौटा था हरप्रीत
पुलिस अधिकारी दविंदर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि हरप्रीत सिंह पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में था. वह साल 2021 में इंग्लैंड से भारत लौटा था. यहां वह कोई काम-धंधा नहीं करता था. परिवार के सदस्यों से पूछताछ में यह भी पता चला कि वह पहले भी कई बार पिस्टल लेकर घर की छत और गली में घूमता रहता था. उसका अपनी मां के साथ भी झगड़ा होता था.
घर में लगे CCTV में कैद हुई वारदात
हरप्रीत की भाभी ने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है. पुलिस को इसकी फुटेज सौंप दी गई है. वहीं गुमटाला के पार्षद रमनदीप सिंह ने बताया कि परिवार करीब एक साल पहले ही इस इलाके में रहने आया था. परिवार का किसी के साथ जमीन या आपसी विवाद नहीं था.
पुलिस और FSL की टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी दविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. FSL की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हरप्रीत सिंह की बहन के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस इस्तेमाल किए गए हथियार और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है.