अमृृतसर केंद्रीय जेल फताहपुर की सुरक्षा पर सवाल:11 मोबाइल और भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान बरामद, जांच जारी
Punjab News Live -PNL
August 6, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर की केंद्रीय जेल फताहपुर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। जेल के भीतर अलग-अलग कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामान बरामद होने के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहले मामले में जेल प्रशासन की ओर से की गई तलाशी के दौरान जेल परिसर से लावारिस हालत में 8 कीपैड मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड, 183 बंडल बीड़ियां, 5 चार्जर, 1 हेडफोन, 1 डेटा केबल, 14 पैकेट कुल्लिप, 6 पैकेट सिगरेट, 1 पैकेट पत्ता छाप और 6 पेपर बरामद किए गए। बरामदगी के बाद जेल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके आधार पर प्रिजन एक्ट की धारा 42 और 52ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। वहीं दूसरे मामले में केंद्रीय जेल के भीतर बंद हवालातियों के कब्जे से भी प्रतिबंधित सामान बरामद हुआ। तलाशी के दौरान हवालाती दिलबाग सिंह और करनबीर सिंह सहित अन्य के कब्जे से 85 बंडल बीड़ियां, 5 पैकेट कुल्लिप, 1 पैकेट सिगरेट, बिना सिम के तीन मोबाइल फोन, दो मोबाइल बैटरियां, तीन चार्जर तथा एक अतिरिक्त नोकिया कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।
मिलीभगत के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर जेल के भीतर इतनी बड़ी मात्रा में मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान कैसे पहुंचा। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि कहीं जेल के अंदर या बाहर से किस की मिलीभगत है । पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और प्रतिबंधित सामान जेल तक पहुंचाने के पीछे कौन लोग शामिल थे।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के नतीजों के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।