अमृतसर , (PNL) : अमृतसर के गांव कोटली सक्का में अवैध शराब के खिलाफ एक्साइज विभाग और पुलिस ने कार्रवाई की है। राजासांसी थाना क्षेत्र के गांव कोटली सक्का में सरकारी टंकी वाली जगह पर छापेमारी कर करीब 1800 लीटर अवैध लाहन बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, एक्साइज विभाग और राजासांसी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में सरकारी जगह पर बड़ी मात्रा में अवैध लाहन छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर एक्साइज इंस्पेक्टर जगदीप कौर और थाना राजासांसी के एसएचओ गुरप्रीत सिंह की अगुवाई में टीम ने मौके पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान सरकारी टंकी वाली जगह से 10 ड्रमों में भरी करीब 1800 लीटर लाहन बरामद हुई। लाहन मौके पर लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद पुलिस ने इसे कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचायत पर सहयोग न करने का आरोप
अधिकारियों के मुताबिक, जिस जगह से अब इतनी बड़ी मात्रा में लाहन बरामद हुई है, वहां से पहले भी अवैध लाहन पकड़ी जा चुकी है। उस समय गांव के सरपंच को अवैध लाहन रखने वाले लोगों की पहचान करने और कार्रवाई में सहयोग करने के लिए कहा गया था। अधिकारियों का आरोप है कि उस समय पंचायत की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
एक्साइज इंस्पेक्टर जगदीप कौर जानकारी देते हुए।
कोई भी पंचायत सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा
इस बार छापेमारी के दौरान पुलिस की ओर से गांव के सरपंच और पंचायत सदस्यों को भी मौके पर पहुंचने के लिए संदेश भेजा गया था, लेकिन पुलिस के अनुसार कोई भी पंचायत सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सरकारी जगह पर इतनी बड़ी मात्रा में लाहन किसने छिपाकर रखी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस और एक्साइज विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।