लुधियाना में 5वीं की छात्रा से रेप:फेसबुक पर युवक ने दोस्ती की, घर में घुसकर धमकाया; मां मेकअप आर्टिस्ट
Punjab News Live -PNL
October 13, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना में एक युवक ने 14 साल की नाबालिग से रेप कर उसे ब्लैकमेल किया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी भावेश कुमार (30) के खिलाफ BNS की धारा 65(1) और POCSO एक्ट की धारा 4 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाबालिग ने बताया कि 4-5 महीने पहले उसकी फेसबुक के जरिए भावेश कुमार से जान-पहचान हुई थी। सोशल मीडिया से शुरू हुई यह बातचीत जल्द ही फोन कॉल में बदल गई और आरोपी बच्ची को अपनी बातों में उलझाने लगा। पीड़िता की मां पेशे से मेकअप आर्टिस्ट हैं और अक्सर काम के सिलसिले में घर से बाहर रहती हैं।
आरोपी ने नाबालिग पर मिलने का दबाव बनाया 28 सितंबर की रात को जब मां काम पर गई हुई थी, तब आरोपी ने नाबालिग पर मिलने का दबाव बनाया। दबाव में आकर लड़की ने उसे घर बुला लिया, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने बच्ची को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।डरा-धमकाकर नाबालिग के साथ कई बार रेप वह उसे डरा-धमकाकर उसके साथ कई बार रेप करता रहा और रोज मिलने के लिए तंग-परेशान करने लगा। पिछले कुछ दिनों से 5वीं कक्षा की छात्रा काफी डरी-सहमी रहने लगी थी। जब मां ने बेटी का यह डर देखा और उससे प्यार से पूछा, तो इस सच का खुलासा हुआ।
मामला दर्ज, पुलिस कर रही जांच घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कानून के मुताबिक, 14 साल की नाबालिग की सहमति की कोई कानूनी अहमियत नहीं होती और यह एक गैर-जमानती व गंभीर अपराध है। इस मामले की जांच लेडी एसआई कुलविंदर कौर कर रही हैं। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।