Warning: opendir(/home/j50hdn97w0wq/public_html/wp-content/mu-plugins): Failed to open directory: Permission denied in /home/j50hdn97w0wq/public_html/wp-includes/load.php on line 981 लुधियाना में टिंबर गोदाम में लगी आग:आसमान में छाया काला धुआं, फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर; कंट्रोल रूम अलर्ट - punjabnewslive
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के व्यस्त और पॉश इलाके फिरोजपुर रोड पर पाम कोर्ट के पास स्थित गणपति टिंबर ट्रेडर्स के गोदाम में आज सुबह अचानक भीषण आग लग गई। लकड़ी और प्लाईवुड का बड़ा स्टॉक होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। इसे देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई, जिसके बाद तुरंत प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दूर-दूर तक दिखाई दीं आग की लपटें।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग तुरंत सक्रिय हो गया। फायर ऑफिसर राजिंदर ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 7:10 बजे कंट्रोल रूम से आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद बिना देरी किए दमकल की गाड़ियों को मौके पर रवाना कर दिया गया।
आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी
फिलहाल फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। गोदाम में बड़ी मात्रा में इमारती लकड़ी, प्लाईवुड, विनियर और बोर्ड होने के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
अब तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना भी नहीं है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित कर राहत कार्य में सहयोग कर रही हैं। आग पूरी तरह काबू में आने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।