लुधियाना , (PNL) : लुधियाना में हौजरी कारोबारी से लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। कारोबारी ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली, जिसके बाद संदिग्ध बदमाश फरार हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला थाना बस्ती जोधेवाल इलाके का है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद वह शिकायत देने थाना बस्ती जोधेवाल पहुंचा, लेकिन काफी देर तक गेट खटखटाने के बावजूद किसी ने दरवाजा नहीं खोला।
2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 संदिग्ध युवक आए
कारोबारी मोहित ने बताया कि वह 17 मई की रात अपने ससुराल जालंधर से घर लौट रहा था। उसका घर गुरु विहार, हौजरी कॉम्प्लेक्स के नजदीक स्थित है। जैसे ही वह कॉलोनी के गेट के पास पहुंचे तो 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 संदिग्ध युवक गए।
मोहित के अनुसार 2 युवक बाइक स्टार्ट कर खड़े रहे, जबकि दो नीचे उतरकर उसकी तरफ आने लगे। उनके हावभाव और कपड़ों में छिपे सामान को देखकर उसे शक हुआ कि उनके पास धारदार हथियार हो सकते हैं। खतरा महसूस होते ही उसने तुरंत अपनी पिस्टल निकाल कर लोड कर ली।
पीड़ित द्वारा साझा किया गया वीडियो शॉट
कारोबारी ने बताया कि पिस्टल देखते ही संदिग्ध युवक घबरा गए और उससे व्हाइट रोज फैक्ट्री का पता पूछने लगे। मोहित के मुताबिक युवकों की हालत ऐसी लग रही थी जैसे उन्होंने नशा किया हो। बाद में उसने व्हाइट रोज फैक्ट्री के मालिक से बात की तो पता चला कि संदिग्ध युवक वहां काम ही नहीं करते।