लुधियाना के पास श्रीनगर जा रही बस पर पथराव:आधी रात को वारदात, एक रात पहले करनाल में भी हो चुका हमला
Punjab News Live -PNL
October 19, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : दिल्ली से कश्मीर जा रही यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस पर नेशनल हाईवे पर खन्ना से आगे दोराहा पुल के पास आधी रात को पथराव होने का मामला सामने आया है। बस पर एक रात पहले हरियाणा के करनाल में भी हमला हुआ था। लगातार दो रातों में बस को निशाना बनाए जाने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें बच्चे भी शामिल थे। गत रात्रि दोराहा पुल के पास बस पर पत्थर फेंके गए। एक पत्थर बस के अगले शीशे पर लगा, जबकि दूसरा पत्थर इमरजेंसी विंडो से टकराया। अचानक हुए पथराव से बस में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। यात्री दिल्ली से कश्मीर की ओर जा रहे थे।खन्ना के एसपी (SP) राकेश यादव ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11:15 बजे हेल्पलाइन 112 पर इसकी सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची और तलाशी ली। पुलिस के अनुसार यह प्राइवेट बस शाम करीब 4 बजे दिल्ली से चली थी और श्रीनगर तक जा रही थी। रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने बस के बाईं ओर (जहां सवारियां बैठती हैं) पत्थर फेंका जिससे शीशे में दरार आ गई।पुलिस ने ड्राइवर के बयान दर्ज कर लिए हैं। एसएसपी (SSP) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक डिजिटल और तकनीकी टीम का गठन किया है और डीएसपी (DSP) खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि 17 अक्टूबर को हरियाणा के करनाल (नीलोखेड़ी) में एक ढाबे पर पार्किंग को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उस समय भी 2 लोगों ने बस की विंडस्क्रीन पर पत्थर मारकर शीशा तोड़ दिया था, जिन्हें हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया था। पुलिस को शक है कि यह ताजा हमला भी किसी रंजिश में प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों की गुटबाजी या उन्हीं शरारती तत्वों की साजिश हो सकती है। इस संबंध में हरियाणा पुलिस के साथ भी तालमेल बिठाया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस की टीम ने बस को एस्कॉर्ट करके अपने इलाके से सुरक्षित निकाला और आगे के थानों को भी सूचित कर दिया ताकि बस सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सके। पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।