Saturday , May 23 2026
Breaking News

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर विपक्ष हमलावर:जालंधर में विधायक परगट ने केंद्र सरकार को घेरा; बोले-मिस-मैनेजमेंट से बढ़ा आर्थिक संकट

जालंधर  , (PNL) : जालंधर कैट के विधायक और कांग्रेस महासचिव परगट सिंह ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, गिरते रुपये और पंजाब की चरमराती कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र की भाजपा और राज्य की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

उन्होंने देश के आर्थिक संकट के लिए पूरी तरह से सरकार के मिस-मैनेजमेंट को जिम्मेदार ठहराया। इसके अलावा, उन्होंने पंजाब में हैंड ग्रेनेड मिलने की घटना पर राजनीतिक व पुलिस नेतृत्व को फेल बताया और सुप्रीम कोर्ट के आवारा कुत्तों संबंधी फैसले व देश में युवाओं की निराशा पर भी अपनी बेबाक राय रखी।

सरकार की नीतियों के कारण आर्थिक स्थिति कमजोर

परगट सिंह ने देश के वित्त मंत्री के कामकाज पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की लचर नीतियों के कारण देश की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता ही जा रहा है, जिससे हर वर्ग परेशान है।

रुपया रिकॉर्ड स्तर पर हो रहा कमजोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जब पीएम मोदी सत्ता में आए थे, तब रुपये की गिरावट पर बड़े-बड़े बयान दिया करते थे। लेकिन आज उनके कार्यकाल में रुपया रिकॉर्ड स्तर पर लगातार कमजोर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी कमियों को छिपाने के लिए हर समस्या का ठीकरा अंतरराष्ट्रीय हालातों और खाड़ी देशों के तनाव पर फोड़ देती है, जबकि असली वजह सरकार का खराब मैनेजमेंट है।

पंजाब की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

पंजाब में हाई अलर्ट के बीच हैंड ग्रेनेड बरामद होने के मामले पर भी परगट सिंह ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राज्य का राजनीतिक और पुलिस नेतृत्व पूरी तरह से कमजोर और फेल हो चुका है। इसी वजह से ऐसी खतरनाक घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आम आदमी पार्टी की गलत नीतियों के कारण पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

आवारा कुत्तों और युवाओं की निराशा पर बयान

आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए परगट सिंह ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि अदालत ने सिर्फ रेबीज से संक्रमित और खतरनाक हो चुके कुत्तों के खिलाफ ही कार्रवाई की बात कही है। कोर्ट के आदेश का मतलब बेजुबान जानवरों पर अत्याचार करना कतई नहीं है।

युवा बेरोजगारी के कारण सिस्टम से निराश

वहीं कॉकरोच जनता पार्टी जैसे बयानों पर उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को इस तरह की अमर्यादित टिप्पणियों से बचना चाहिए। परगट सिंह ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी के कारण पहले ही मौजूदा सिस्टम से बेहद निराश और परेशान है। ऐसे में इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान हालातों को और ज्यादा बिगाड़ने का काम कर सकते हैं।

About Punjab News Live -PNL

Check Also

ED ने बिल्डर अजय सहगल को किया अरेस्ट:15 किसानों की जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर लिया CLU; कई प्रोजेक्ट खड़े किए

चंडीगढ़  , (PNL) :  प्रवर्तन निदेशालय (ED) जालंधर ने मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी दस्तावेजों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!