जालंधर , (PNL) : जालंधर में चौगिट्टी चौक के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना में बच्चा बेहोश भी हो गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार पिता अपने बेटे को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। जब वे बिजली घर के बाहर पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ग्रे रंग की कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद कार चालक मौके से भाग निकला।
राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की हादसे के बाद राहगीरों ने घायलों की मदद की। उन्होंने बच्चे को पानी के छींटे देकर होश में लाया, जबकि घायल पिता को एंबुलेंस की सहायता से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पिता की पहचान सूर्या एन्क्लेव ग्रीन सिटी निवासी 47 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है।
घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते लोग।
थाना रामामंडी पुलिस ने की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही 112 और एसएसएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और यातायात को सुचारू कराया। थाना रामामंडी के सब-इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने जानकारी दी कि मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी कार चालक को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।