गोल्डी बराड़ पर ₹10 करोड़ का इनाम:अमेरिका में FBI की टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में, लॉरेंस गैंग से जुड़ा, निज्जर की हत्या कराने का आरोप
Punjab News Live -PNL
September 29, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, देश विदेश, पंजाब
न्यूज डेस्क, (PNL) : अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड की लिस्ट में शामिल किया है। बराड़ की जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर (करीब 9.5 करोड़ रुपए) तक का इनाम देने की घोषणा की गई है।बराड़ को लॉरेंस ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख ऑपरेशनल लीडर बताया गया है। लॉरेंस और गोल्डी बराड़ पर 2023 में खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप है। इसी साल जुलाई में निज्जर की हत्या को लेकर अमेरिका ने पहली बार चार्जशीट दाखिल की थी।अमेरिकी सरकार के मुताबिक, लॉरेंस भारतीय जेल में रहते हुए भी अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क चला रहा है। वह जेल में तस्करी से पहुंचाए गए मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग डिवाइस के जरिए हत्या, रंगदारी, अपहरण, ड्रग्स और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों का निर्देश देता है।
जुलाई में आई अमेरिकी रिपोर्ट में गैंग को लेकर 5 दावे किए गए थे
-
आरोप सिर्फ अपराधियों पर, सरकार का जिक्र नहीं: पूरे अमेरिकी आरोप पत्र और प्रेस रिलीज में भारत सरकार, RAW, NIA या किसी भारतीय सरकारी अधिकारी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया। आरोप केवल कथित आपराधिक गिरोहों और उनके सदस्यों पर हैं।
-
ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत 37 पर आरोप, 24 गिरफ्तार: अमेरिका, कनाडा और यूरोप ने संयुक्त अभियान ऑपरेशन हार्ड बॉल चलाकर भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोहों पर कार्रवाई की। इसमें 37 लोगों पर आरोप लगाए गए और 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
-
लॉरेंस पर जेल से गैंग चलाने का आरोप: अमेरिकी आरोपपत्र के मुताबिक, गैंगस्टर लॉरेंस भारत की जेल में रहते हुए मोबाइल और इंटरनेट कॉलिंग (VoIP) डिवाइस के जरिए हत्या, रंगदारी, अपहरण, ड्रग्स और मानव तस्करी जैसे अपराधों का संचालन करता था।
-
निज्जर हत्या का आदेश देने का आरोप: अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि 18 जून 2023 को कनाडा में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने दिया था।
-
रंगदारी और ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क: रिपोर्ट के मुताबिक, गिरोह वॉट्सऐप और अन्य एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए धमकी देकर रंगदारी वसूलता था। साथ ही ड्रग्स तस्करी और प्रतिद्वंद्वी गिरोहों से कोकीन लूटकर अपना नेटवर्क चलाता था।
गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल की 11 अक्टूबर 2020 को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब के बाहर देर रात गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। तब गुरलाल पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) का बड़ा छात्र नेता था। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस के एंटी चल रहे बंबीहा गैंग ने ली थी। इसके बाद गोल्डी ने गैंगवॉर में कदम रखा।
गुरलाल की मौत के बाद लॉरेंस ने एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उसने लिखा था कि अब से नई जंग की शुरुआत होगी। इसके बाद गोल्डी ने चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में बंबीहा और बंबीहा गैंग के साथ चलने वाले कई गैंगस्टरों की हत्या करवाई।
हालांकि, उन हत्याओं में गोल्डी खुद सामने नहीं आया था, मगर उसका नाम पंजाब पुलिस की जांच में सामने आ गया था। इन सभी तथ्यों के बारे में गोल्डी के पिता को पता चल गया, क्योंकि वह पंजाब पुलिस में ही कार्यरत थे। इसके बाद उसके पिता ने किसी तरह गोल्डी को मनाया और साल 2021 में गोल्डी को स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भेज दिया।
गोल्डी ने कनाडा से करवाई कई हत्याएं
गोल्डी ने कनाडा पहुंचकर लॉरेंस से संपर्क किया और उसका सारा गैंग खुद चलाना शुरू किया। गोल्डी का नाम सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद चमक उठा था। 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव के पास करीब 6 शूटरों ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हत्या की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ ने कनाडा से एक फेसबुक पोस्ट के जरिए ली। इसमें गोल्डी ने कहा था कि मोहाली में मिड्डूखेड़ा की हत्या में शामिल लोगों को मूसेवाला के मैनेजर शगनप्रीत सिंह ने रहने की जगह मुहैया करवाई थी। जब सिद्धू को पता चला कि लॉरेंस गैंग शगनप्रीत को टारगेट कर रहा था तो उसने अपने मैनेजर को ऑस्ट्रेलिया भेज दिया। इसके चलते सिद्धू की हत्या करवाई।
डेरा प्रेमी की गोल्डी ने हत्या करवाई
जानकारी के अनुसार, साल 2022 के अंत में डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह कटारिया की हत्या हुई। इसकी भी जिम्मेदारी गोल्डी ने ली। पंजाब के मुक्तसर के मलौट में रणजीत सिंह उर्फ राणा सिद्धू की हत्या में भी गोल्डी बराड़ शामिल था।
साथ ही हरियाणा में बंबीहा और कौशल गैंग के कई शूटरों की हत्या गोल्डी बराड़ ने करवाई। यह सिलसिला करीब 20 हत्याओं तक पहुंचा। इसके बाद फ्रांस के इंटरपोल सेक्रेटेरिएट जनरल ने 12 दिसंबर 2022 को गोल्डी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस और गैर-जमानती वारंट जारी किया।
सलमान खान के पीछे लगे शूटर
गोल्डी ने एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि उसका गैंग बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को जरूर मारेगा। जब भी मौका मिलेगा, उसे मार देंगे। उसे भाई साहब (लॉरेंस) ने बताया था कि उसने (सलमान) माफी नहीं मांगी है। उसने कहा था कि सलमान के पीछे हमारे कई शूटर लगे हुए हैं।
गोल्डी ने CM मान का दावा खारिज किया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2 दिसंबर 2022 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है और उसे जल्द पंजाब पुलिस भारत लेकर आएगी।
हालांकि, कुछ देर बाद CM मान के इस दावे को लेकर गोल्डी ने एक निजी चैनल को इंटरव्यू दे दिया और कहा कि उसे किसी ने गिरफ्तार नहीं किया है। CM मान का दावा गलत है।
गोल्डी ने गोगामेड़ी की करवाई हत्या
5 दिसंबर 2023 को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या करवा दी गई। हत्या गोल्डी बराड़ ने करवाई, जिसमें गोल्डी ने माना था कि गोगामेड़ी के साथ उसका जमीनी विवाद चल रहा था। गोगामेड़ी की हत्या के बाद पूरे राजस्थान में दंगे जैसा माहौल बना। घटना में गोगामेड़ी का एक सुरक्षाकर्मी भी मारा गया था।
