लुधियाना , (PNL) : लुधियाना में जूतों की माला से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज (10 सितंबर) जालंधर और होशियारपुर बंद किया गया है। जालंधर में सुबह से बाजारों की ज्यादातर दुकानें बंद हैं। बैंक भी बंद हैं। वहीं होशियारपुर में प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद कराए हैं।प्रदर्शनकारी वाल्मीकि चौक पहुंचे। यहां से रैली के रूप में डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक जाएंगे और खुली हुई दुकानें बंद करवाएंगे। प्रदर्शन के ज्योति चौक पर एक एंबुलेंस भी फंस गई। हालांकि कुछ देर बाद उसे निकाल दिया गया।
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने कहा कि शाम 5 बजे बंद रहेगा। इस दौरान लोगों की परेशानी को देखते हुए हाईवे जाम नहीं किया गया। मेडिकल स्टोर और अस्पताल जैसी इमरजेंसी सेवाएं खुली रखने की छूट दी गई। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज भी बंद नहीं करवाए गए।इधर, लुधियाना में आज सुबह 11 बजे पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दलित भाईचारे के साथ बैठक करेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा है कि जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजीवा गोरा ने कहा कि बीते दिनों बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह 10वीं बार घटना हो चुकी है। लुधियाना में पहले भी इसी जगह पर प्रतिमा के शीशे तोड़ने की घटना सामने आई थी और समुदाय द्वारा प्रतिमा के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई थी, लेकिन कोई प्रबंध नहीं किए गए। वहीं अब भगवान वाल्मीकि जी का प्रगट दिवस आने से पहले बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई है।भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने कहा कि उन्हें लगता है कि सियासी पार्टी राजनीति चमकाने को लेकर घटनाएं करवा रही है। हर बार बाबा साहेब की प्रतिमा को टारगेट किया जा रहा है। बार-बार हो रही घटनाओं को लेकर समुदाय में रोष है और वह इसे बर्दाश नहीं करेंगे।
जालंधर के सबसे बड़े और भीड़भाड़ वाले रैनक बाजार एसोसिएशन के प्रधान शिव शर्मा ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनादर करना गलत है।शहर की वाल्मीकि भाइचारे की एसोसिएशन के लोग उनके पास आए थे और मार्केट बंद करने के लिए सहयोग मांगा। उन्होंने सहयोग देने का ऐलान किया है। पूरा रैनक बाजार बंद रखा जाएगा। बाजार के दुकानदारों को इस बारे में बता दिया गया है।मंगलवार (8 सितंबर) को शरारती तत्वों ने लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर जूतों की माला पहनाकर अपमान किया था। जिसके बाद रात को साढ़े 3 घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा। तब पुलिस ने FIR दर्ज की। इस बीच बुधवार सुबह दलित समाज के लोगों ने प्रतिमा का दूध से अभिषेक किया। पुलिस ने मूर्ति के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए हैं ताकि फिर कोई ऐसी हरकत न कर सके।