कनाडा में 1160 करोड़ की ड्रग्स जब्त, 13 पंजाबी अरेस्ट:8 आरोपी दूसरे देशों के रहने वाले; कमर्शियल ट्रकों में छुपाकर कर रहे थे तस्करी
Punjab News Live -PNL
July 25, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : कनाडा और अमेरिका की एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़े ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब 1.7 टन अवैध ड्रग्स जब्त की है और 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 13 पंजाबी मूल के बताए जा रहे हैं।जब्त की ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 139 मिलियन डॉलर (करीब 1160 करोड़ रुपए) से अधिक है। जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरोह कमर्शियल ट्रकिंग इंडस्ट्री और वैध सप्लाई चेन का दुरुपयोग कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार ड्रग्स की तस्करी कर रहा था।
जनवरी 2025 में शुरू हुआ था गुप्त ऑपरेशन
इस हाई-प्रोफाइल और जटिल अंतरराष्ट्रीय जांच की शुरुआत जनवरी 2025 में विंडसर पुलिस सर्विस ने की थी। मामले की गंभीरता और सीमा पार कनेक्शन सामने आने के बाद फरवरी 2025 में ‘कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी’ भी आधिकारिक तौर पर जांच में शामिल हो गई।
जांच आगे बढ़ने के साथ अधिकारियों को ऐसे सबूत मिले, जिनसे संकेत मिला कि यह केवल अलग-अलग तस्करी की घटनाओं तक सीमित मामला नहीं था, बल्कि इसके पीछे एक संगठित और बड़े नेटवर्क की भूमिका थी।
ट्रकिंग उद्योग के अंदर काम कर रहा था ‘ब्रोकर नेटवर्क’
जांचकर्ताओं के खुलासे के अनुसार, तस्करों ने कमर्शियल ट्रकिंग इंडस्ट्री के भीतर एक ‘ब्रोकर-स्टाइल’ नेटवर्क तैयार कर रखा था। यह नेटवर्क बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। गिरोह पहले से मौजूद वैध सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स सिस्टम और कमर्शियल ट्रक ड्राइवरों का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय सीमा पार बड़ी मात्रा में कोकेन और अन्य अवैध ड्रग्स की तस्करी करता था। इस तरीके से तस्करी की खेप सामान्य व्यापारिक सामान जैसी दिखाई देती थी, जिससे शुरुआती जांच में इसे पकड़ना मुश्किल हो जाता था।
अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का मिला मजबूत साथ
इस बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन को सफल बनाने में अमेरिका की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों ‘यू.एस. होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशन्स’ (HSI) और ‘ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन’ (DEA) ने अहम भूमिका निभाई। दोनों एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुफिया जानकारी साझा कर जांच में सहयोग किया। वहीं, कनाडा में जमीनी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए टोरंटो पुलिस सर्विस और पील रीजनल पुलिस की टीमों ने लगातार सहयोग किया।
कई शहरों में ताबड़तोड़ छापेमारी और सर्च वारंट
14 जुलाई को जांचकर्ताओं ने मार्खम और कैलेडन में दो स्थानों पर सर्च वारंट लागू कर कार्रवाई की। इसके बाद 20 जुलाई को ब्रैम्पटन में दो अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर सबूत और ड्रग्स बरामद किए गए। कुल 21 आरोपियों में से 20 की पहचान सार्वजनिक कर दी गई है, जबकि एक आरोपी का नाम कानूनी कारणों के चलते गोपनीय रखा गया है।
नामजद आरोपियों की सूची
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गगनदीप थिंडल (27), सिमरनजीत सिंह (32), कंवरपाल कुलार (32), जतिनदीप सिंह (39), जसविंदर सोही (55), तेजविंदर संधू (29), हरविंदर संधू (33), हनिंदरपाल ग्रेवाल (34), मोहम्मद बिनहसन (41), मिशेल मोस्कोन (28), गुंदीप तारीवाल (32), शॉन बैटे (44), ज़ैन ख्वाजा (28), विली श्वार्ट्ज (30), महकप्रीत सिंह (24), करणदीप सिंह (27), तरमिंदर सिंह (19), स्टीव स्कुसोलिन (32) और अवतार सहोता (54) शामिल हैं।