अमृतसर मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की कोशिश, 8 स्टूडेंट सस्पेंड:2025 बैच के सभी छात्र, CCTV जांच का हिस्सा; प्रबंधन ने 5 अक्टूबर को बुलाई मीटिंग
Punjab News Live -PNL
October 1, 2026
अमृतसर, ताजा खबर, पंजाब
अमृतसर , (PNL) : अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में जूनियर एमबीबीएस छात्रों के साथ रैगिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि रैगिंग की घटना होने से पहले ही जूनियर छात्रों ने अपने परिवार के सदस्यों और कॉलेज प्रशासन को फोन कर इसकी जानकारी दे दी।सूचना मिलने के बाद हॉस्टल वार्डन मौके पर पहुंचे। वार्डन के पहुंचते ही रैगिंग करने पहुंचे 2025 बैच के 8 सीनियर छात्र हॉस्टल से निकल गए। मामला हॉस्टल के ई-ब्लॉक का है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच के दौरान हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग की कोशिश के आरोप में 2025 बैच के आठों छात्रों को निलंबित कर दिया है।कॉलेज प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि रैगिंग की कोशिश को भी गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा। प्रशासन का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
सरकारी मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल डॉ. जेपी अत्री ने बताया कि मामले के सभी तथ्यों की समीक्षा के लिए 5 अक्टूबर को विशेष बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में अब तक हुई जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की समीक्षा की जाएगी।इसके बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल कॉलेज प्रशासन ने 8 छात्रों को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन ने हॉस्टल में रैगिंग को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि ऐसी किसी भी कोशिश को अनुशासनहीनता के तौर पर लिया जाएगा।