लुधियाना में कार पार्किंग को लेकर बवाल:दुकानदार के सिर पर बेसबॉल बैट से हमला, रिवॉल्वर निकालने का आरोप,वारदात सीसीटीवी में कैद
Punjab News Live -PNL
October 21, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के पुरानी माधोपुरी इलाके में एक दुकान के बाहर कार पार्किंग को लेकर पड़ोसियों में जबरदस्त झड़प हो गई। दुकान मालिक संचित ने बताया कि सुबह उनकी दुकान के बाहर एक कार खड़ी थी जिसकी वजह से शटर खोलने में परेशानी हो रही थी। जब उनके पिता ने कार वालों को गाड़ी थोड़ी आगे करने को कहा, तो कार मालिक ने गुस्से में आकर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
चश्मदीद दीपक कुमार और संचित के मुताबिक बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने अपनी कार से रिवॉल्वर निकाल ली और डराने लगा। इसके बाद उसने गाड़ी से बेसबॉल बैट निकाला और सीधा सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में सिर पर गहरी चोट आई है जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें टांके लगाए गए हैं। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गाड़ी में भी तोड़फोड़ हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह आपस में पड़ोसियों का ही झगड़ा है और दोनों पार्टियां आमने-सामने ही रहती हैं। पुलिस फिलहाल कानूनी कार्रवाई कर रही है और आस-पास के इलाके की सीसीटीवी वीडियो की जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। परिवार की मांग है कि प्रशासन इस गुंडागर्दी पर सख्त एक्शन ले और आरोपियों को जल्द पकड़े।