परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड : मानसा में तनावपूर्ण माहौल, न्याय समिति ने बैठक करने से इनकार किया
Punjab News Live -PNL
October 15, 2026
ताजा खबर, पंजाब, मानसा
मानसा , (PNL) : परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर मानसा में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। परिवार और समर्थक न्याय की मांग कर रहे हैं। इस मामले में न्याय दिलाने के लिए एक समिति का गठन भी किया गया है।दूसरी ओर, पुलिस और जिला प्रशासन परिवार और समिति से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं। आज सुबह डीआईजी हरजीत सिंह, एसएसपी वैभव चौधरी और उपायुक्त समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी विरोध स्थल पर पहुंचे और समिति को बैठक के लिए आमंत्रित किया।हालांकि, परविंदर सिंह झोटा के परिवार और न्याय समिति ने अभी तक पुलिस से मुलाकात करने से इनकार कर दिया है। समिति का कहना है कि वे पहले आपस में चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे, जिसके बाद ही बैठक के संबंध में अगला कदम उठाया जाएगा।
परविंदर सिंह झोटा के पिता ने लोगों से अपील की
परविंदर सिंह झोटा के पिता ने एक वीडियो साझा करते हुए पंजाब के लोगों से अपने-अपने स्तर पर बंद का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपने बेटे के लिए न्याय की मांग उठाने का आह्वान किया है। इस बीच, पंजाब के कई जिलों में मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है और कई इलाकों में बारिश हो रही है। झोटा के पिता ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की परवाह किए बिना शांतिपूर्ण तरीके से इस अभियान का समर्थन करें और परविंदर सिंह झोटा के लिए न्याय की मांग करें।
आरोपी गिरफ्तार, घर और दुकान पर बुलडोजर से कार्रवाई
पुलिस ने परविंदर सिंह झोटा की हत्या के आरोपी मेडिकल स्टोर मालिक अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी बीच प्रशासन ने आरोपी अश्वनी कुमार की संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए उसके घर और दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान आक्रोशित समर्थकों ने दुकान में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। 13 अक्टूबर से मानसा के बाजार बंद हैं। परिवार इस मामले में सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा है। उनका कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता, परविंदर का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।