जालंधर सेंट्रल हलके में कटे ज्यादा वोट:किसी घर में 100 तो कहीं खंडहरों में थे मतदाता, 15 लाख हुई संख्या, महिलाओं से ज्यादा पुरुष
Punjab News Live -PNL
October 13, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। जालंधर जिले की फाइनल वोटर सूची प्रकाशित हो गई है। नई वोटर सूची के मुताबिक, अब जालंधर जिले में कुल 15 लाख 25 हजार 450 वोटर रह गए हैं।करीब 1.41 लाख वोट 2003 की वोटर लिस्ट से मैप नहीं हो पाए। रेलवे क्वार्टरों के खंडहरों में दिखाए गए 5 हजार से ज्यादा वोट भी कटे हैं। इसी के साथ, पूरी प्रक्रिया के दौरान जालंधर सेंट्रल में सबसे ज्यादा वोट कटे हैं। यहां एक घर ऐसा भी मिला था, जहां सवा सौ से ज्यादा वोटर थे। विरोधी पार्टियों के विरोध के बाद इनके नाम लिस्ट से बाहर कर दिए गए।फाइनल वोटर सूची में 7,78,194 पुरुष, 7,47,203 महिलाएं और 53 थर्ड जेंडर वोटर हैं। विधानसभा चुनाव 2022 के मुकाबले 1 लाख 41 हजार 767 (1.41 लाख) और 2024 के मुकाबले 1.28 लाख वोट कटे हैं। सबसे ज्यादा 26,358 वोट जालंधर सेंट्रल हलके में कटे हैं, जबकि सबसे कम 7,419 वोट करतारपुर हलके में कटे हैं।
राजनीतिक नुमाइंदों को हार्ड कॉपी सौंपी एडीसी अमनिंदर कौर बराड़ ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के नुमाइंदों के साथ बैठक कर उन्हें बिना फोटो वाली सॉफ्टवेयर कॉपी और हार्ड कॉपी सौंप दी है। एडीसी ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को योग्यता तिथि मानकर यह अंतिम वोटर सूची तैयार की गई है। वोटर सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अगस्त को किया गया था, जिस पर 12 सितंबर तक दावे व एतराज प्राप्त किए गए। प्राप्त दावों और एतराजों का निपटारा 8 अक्टूबर 2026 तक किया गया। SIR की इस प्रक्रिया में BLO के साथ राजनीतिक पार्टियों के नुमाइंदे भी मौजूद रहे थे।
फाइनल लिस्ट में अपने नाम की जांच करवा सकते हैं वोटर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम वोटर सूची मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब की आधिकारिक वेबसाइट (http://www.ceopunjab.gov.in/index) और जिला जालंधर की वेबसाइट (http://jalandhar.nic.in) पर ऑनलाइन देखने के लिए उपलब्ध है।
इसके अलावा, आम नागरिक जिला चुनाव दफ्तर, संबंधित विधानसभा चुनाव दफ्तरों और अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास जाकर भी सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। एडीसी ने SIR प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग देने के लिए सभी राजनीतिक दलों का आभार व्यक्त किया।