जालंधर में रंजिशन घर पर हमला-तोड़फोड़:तेजधार हथियारों से लैस होकर पहुंचे 12 युवक; खिड़की-शीशे और एलसीडी तोड़े
Punjab News Live -PNL
May 22, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर के बस्ती शेख इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक घर पर दर्जनों हमलावरों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर जमकर तोड़फोड़ की, जिसमें खिड़की-दरवाजों के शीशे और एलसीडी (LCD) तक तोड़ दिए गए। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर (PCR) पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है।
पुरानी रंजिश बनी हमले का कारण
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष और हमलावर पहले कभी एक साथ ही रहा करते थे। लेकिन किसी पुरानी बात को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। पीड़ित ने बताया कि सुबह उसके तीन दोस्तों को किसी काम के लिए बुलाया गया था। इसके बाद लगातार कई फोन कॉल्स आए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि अचानक 12 से अधिक युवक तेजधार हथियारों से लैस होकर आए और उनके घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने घर के बाहर और अंदर जमकर गुंडागर्दी की। घर के भीतर रखे कीमती सामान, कांच और एलसीडी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया, जिसके निशान पूरे घर में बिखरे पड़े हैं। विशाल को कल भी मिली थी धमकी पीडित विशाल ने बताया है कि पुरानी रंजिश के चलते अरुण, उसके भाइयों ( रोबिन, विशाल, अमीर) और 10-12 अज्ञात नकाबपोश युवकों ने उनके घर पर जानलेवा हमला किया। पीड़ित विशान के अनुसार, कल भी आरोपियों ने गली में लगे कैमरों के सामने उन्हें धमकियां दी थीं, जिसकी वीडियो फुटेज भी मौजूद है। विशाल ने कहा की अचानक आरोपी तेजधार हथियारों (दातर) और बोतलों के साथ उनके घर में जबरन घुस आए। उस वक्त विशाल बाथरूम में थे और उनकी पत्नी रसोई में थीं, जिसके कारण उनकी जान बच गई। हमलावर वारदात के बाद मौके पर ही अपने हथियार छोड़ गए। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने उनके दोस्तों को भी फोन पर धमकी दी है कि वे विशाल का साथ छोड़ दें, नहीं तो उन्हें भी मार दिया जाएगा।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के तुरंत बाद लोगों और पीड़ितों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने स्थिति का जायजा लिया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवा रहे हैं।
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है