चंडीगढ़ में किसानों और सरकार की बैठक:13 मांगों पर होगा मंथन, लैंड पूलिंग-MSP गारंटी और कर्ज माफी पर बनेगी स्ट्रेटजी
Punjab News Live -PNL
October 13, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब
चंडीगढ़ , (PNL) : पंजाब में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे भारतीय किसान यूनियन (एकता-उगराहां) के नेता आज यानि मंगलवार को चंडीगढ़ में पंजाब सरकार की कैबिनेट सब-कमेटी के साथ बैठक करेंगे। पंजाब भवन में दोपहर 12:30 बजे होने वाली इस बैठक में यूनियन की 13 सूत्रीय मांगों पर चर्चा होगी।
किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां और महासचिव सुखदेव सिंह कोकरीकलां के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बैठक में शामिल होगा। सरकार की ओर से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कृषि मंत्री समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे।
लैंड पूलिंग से लेकर कर्ज माफी तक उठेंगे मुद्दे बैठक में किसान लैंड पूलिंग नीति, सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, किसानों और खेत मजदूरों की कर्ज माफी तथा पराली जलाने के मामलों में दर्ज केसों का मुद्दा उठाएंगे। इसके अलावा फसलों के नुकसान का मुआवजा और किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सरकार के सामने पक्ष रखा जाएगा।
DC दफ्तरों के बाहर चल रहे धरने स्थगित बैठक से पहले यूनियन ने सरकार से बातचीत के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ भेजने का फैसला किया है। इसके चलते विभिन्न जिलों में डीसी दफ्तरों के बाहर चल रहे पक्के मोर्चों को बैठक तक स्थगित कर दिया गया है। यूनियन नेताओं का कहना है कि मांगों का ठोस समाधान जरूरी है। बैठक में सरकार का रुख सामने आने के बाद संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।