खन्ना के नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह ट्रक और अज्ञात वाहन के बीच टक्कर हो गई। ट्रक ड्राइवर केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों व अन्य ट्रक ड्राइवर की मदद से उसे बाहर निकाला और CPR देना शुरू किया। हांलाकि उसकी जान नहीं बच सकी। हादसा गग्गड़ माजरा में आरएस ट्रेडर्स के सामने सुबह करीब 5:31 बजे हुआ। मृतक की पहचान सिमरजीत सिंह पुत्र नरंग सिंह निवासी गांव सोहियां (जगराओं) के रूप में हुई है। वह ट्रक नंबर PB10KJ5358 चला रहा था। हादसे में दूसरे वाहन की पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे करवाया।
सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारियों ने CPR दिया
सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम को कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के करीब 4 मिनट बाद टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। वहां ट्रक की दूसरे वाहन से टक्कर हुई थी और ड्राइवर केबिन में फंसा हुआ था। टीम ने एंबुलेंस आने तक सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारियों ने उसे CPR दिया।
ड्राइवर को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल खन्ना भेजा
बाद में ड्राइवर को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल खन्ना भेजा गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे करवाया, जिससे हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू हो सका। टीम ने इस संबंध में खन्ना पुलिस कंट्रोल रूम को भी सूचना दी।
आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद
हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। मृतक के भांजे परमवीर सिंह, निवासी गांव रोहले, को भी सूचित किया गया। हादसे के कारणों और दूसरे वाहन की पहचान को लेकर आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।