लुधियाना पहुंचे राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया:UPSC टॉपर्स को किया सम्मानित, युवाओं को मिला प्रेरणा का मंत्र; तालियों का शोर गूंजा
Punjab News Live -PNL
June 22, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया आज लुधियाना पहुंचे और गुरु नानक भवन के निकट भारत नगर चौक स्थित सोहन लाल पाहवा ऑडिटोरियम में आयोजित ‘अभिनंदन समारोह 2026’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 300 गणमान्य नागरिकों, बुद्धिजीवियों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया तथा सफल अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस भव्य समारोह का आयोजन ‘सहयोग शिक्षा सेवा समिति (रजि.), लुधियाना’ और सहयोगी संस्था ‘भारत विकास परिषद चैरिटेबल ट्रस्ट, पंजाब’ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
लुधियाना के ऋषि नगर सेंटर में मिल रही है निःशुल्क सुविधा
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता संतोष तनेजा ने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा में ‘संकल्प’ से जुड़े अभ्यर्थियों का प्रदर्शन इस वर्ष भी बेहद सराहनीय रहा है। वहीं, ‘संकल्प लुधियाना’ के चेयरमैन नरिंदर मित्तल ने बताया कि ऋषि नगर स्थित केंद्र में छात्रों को निःशुल्क वातानुकूलित रीडिंग रूम, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों द्वारा साक्षात्कार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देकर उनकी पढ़ाई में सहायता प्रदान की जाती है।
23 होनहारों का हुआ सम्मान
समारोह में कुल 23 नव-चयनित प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इनमें पंजाब के विभिन्न जिलों के युवाओं ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पटियाला की सिमरनदीप कौर ने ऑल इंडिया 15वीं रैंक प्राप्त की, जबकि मोगा के दीपांशु जिंदल 38वें स्थान पर रहे। वहीं, पटियाला की ही रसनीत कौर ने 51वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया।
307वां रैंक हासिल कर शहर का मान बढ़ाया
समारोह के दौरान मंच पर मौजूद इन नव-चयनित अधिकारियों ने अपनी सफलता के सफर और अनुभवों को उपस्थित छात्र-छात्राओं के साथ साझा भी किया। उन्होंने बताया कि कैसे ‘संकल्प’ संस्थान के मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में एक अहम भूमिका निभाई।