Thursday , March 5 2026
Breaking News

पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने टाटा संस और सन फार्मा के चेयरपर्सन समेत कई उद्योगपतियों के साथ राज्य में निवेश के अवसरों पर किया विचार-विमर्श

चंडीगढ़, (PNL) : पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली तथा स्थानीय निकाय मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने आज मुंबई में बड़े औद्योगिक घरानों के साथ लगातार उच्च-स्तरीय बैठकें कीं और पंजाब में निवेश के संभावित अवसरों पर चर्चा की तथा उन्हें 13-15 मार्च 2026 तक मोहाली की प्लाक्षा यूनिवर्सिटी में होने वाले ’’प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026’’ में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

अपनी इस यात्रा के दौरान कैबिनेट मंत्री ने टाटा संस के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखरन; सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज के चेयरमैन दिलीप शंघवी; टाटा पावर के एमडी एवं सीईओ डॉ. प्रवीर सिन्हा तथा एस्सार ग्रुप के अंशुमन रुइया से मुलाकात की।

इन बैठकों में औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने तथा नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसरों की पड़ताल पर ध्यान केंद्रित किया गया।

– टाटा ग्रुप के साथ मुलाकात

टाटा संस के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखरन के साथ विचार-विमर्श के दौरान कैबिनेट मंत्री ने पंजाब के मजबूत औद्योगिक माहौल तथा निवेश एवं औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों पर प्रकाश डाला।

दोनों पक्षों ने लुधियाना में टाटा स्टील की मौजूदगी के आधार पर एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग तथा स्टील इकोसिस्टम को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) में संभावित सहयोग की भी पड़ताल की गई।

श्री चंद्रशेखरन ने निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए पंजाब सरकार की सक्रिय पहल की प्रशंसा की तथा लुधियाना में टाटा स्टील सुविधा की प्रगति पर संतुष्टि व्यक्त की।

– सन फार्मा के साथ मुलाकात

सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज के चेयरमैन दिलीप शंघवी तथा होल-टाइम डायरेक्टर एवं सीओओ आलोक शंघवी के साथ अपनी मुलाकात में कैबिनेट मंत्री ने फार्मास्यूटिकल, हेल्थकेयर इनोवेशन तथा लाइफ साइंसेज के हब के रूप में पंजाब की स्थिति को मजबूत बनाने के अवसरों पर चर्चा की।

विचार-विमर्श के दौरान फार्मास्यूटिकल मैन्युफैक्चरिंग तथा फॉर्मूलेशन सुविधाओं के विस्तार, एपीआई तथा बल्क ड्रग उत्पादन में निवेश, फार्मास्यूटिकल विश्लेषण एवं रेगुलेटरी सेवाओं के लिए ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स की स्थापना तथा पंजाब के मजबूत कृषि माहौल का लाभ उठाते हुए न्यूट्रास्यूटिकल तथा वेलनेस सेगमेंट्स के विकास पर चर्चा की गई।

सन फार्मा लीडरशिप ने राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों की प्रशंसा की तथा पंजाब में भविष्य की साझेदारियों तथा निवेश की पड़ताल में रुचि व्यक्त की।

– टाटा पावर के साथ बैठक

मंत्री ने टाटा पावर के एमडी एवं सीईओ डॉ. प्रवीर सिन्हा से भी मुलाकात की, जिसमें कंपनी की वरिष्ठ लीडरशिप ने स्वच्छ ऊर्जा तथा बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की।

इस बैठक के दौरान यूटिलिटी-स्केल नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं का विकास, छत पर सोलर प्लांट लगाना, टिकाऊ कृषि को समर्थन देना तथा किसानों के लिए बिजली की लागतों को कम करने के लिए एग्री-सोलराइजेशन पहल तथा राज्य भर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार शामिल था।

टाटा पावर ने पंजाब में अपनी मौजूदा स्थिति को उजागर किया, जिसमें लगभग 100 मेगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा सुविधा शामिल है, जो राज्य के नवीकरणीय ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

– एस्सार ग्रुप के साथ मुलाकात

एस्सार ग्रुप के डायरेक्टर अंशुमन रुइया के साथ एक अन्य बैठक में एस्सार ग्रुप द्वारा पंजाब के उभरते औद्योगिक वातावरण को और मजबूत करने तथा उभरते क्षेत्रों में अवसरों की पड़ताल पर विचार-विमर्श किया गया।

सहयोग के संभावित क्षेत्रों में ग्रीन ऊर्जा तथा औद्योगिक डीकार्बाेनाइजेशन पहल, मोहाली-चंडीगढ़ कॉरिडोर में डेटा सेंटर्स तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास तथा एस्सार के ग्रीनलाइन मोबिलिटी सॉल्यूशंस के माध्यम से वैकल्पिक ईंधन लॉजिस्टिक्स का विस्तार शामिल था। बैठक में एस्सार ग्रुप की टेक्नोलॉजी शाखा ब्लैक बॉक्स लिमिटेड के माध्यम से प्रबंधित आईटी तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सेवाओं के लिए संभावनाओं की भी पड़ताल की गई।

– निवेश को और मजबूत करना

इन बैठकों के बाद मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि आगामी ’’प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026’’ पंजाब की निवेश संभावनाओं को प्रदर्शित करने तथा वैश्विक कंपनियों को राज्य में उभरते अवसरों से जोड़ने के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य करेगा।

उन्होंने जोर देकर कहा कि माननीय राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल तथा माननीय मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार एक समृद्ध तथा उद्योग-अनुकूल माहौल सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है जो नवाचार, विनिर्माण तथा टिकाऊ विकास को प्रोत्साहित करता है।

नए उद्योग दिग्गजों ने हाल ही में पंजाब में निवेश के लिए सरकार द्वारा दी गई सुविधाओं की प्रशंसा की तथा राज्य में भविष्य की साझेदारियों तथा निवेश के अवसरों की पड़ताल करते हुए ’’प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026’’ में भाग लेने में गहरी रुचि व्यक्त की।

About Punjab News Live -PNL

Check Also

मध्य पूर्व में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए भगवंत सिंह मान सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की, 24×7 हेल्पलाइन स्थापित

चंडीगढ़, (PNL) : मध्य पूर्व क्षेत्र में जारी युद्ध जैसी स्थिति के बीच वहां फंसे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!