जालंधर ED में पेश हुए पूर्व CS अनुराग वर्मा:डॉक्यूमेंट पकड़े नजर आए, सनटेक सिटी मामले में पूछताछ; पहले 2 बार नहीं पहुंचे थे
Punjab News Live -PNL
September 9, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और मौजूदा एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (राजस्व) अनुराग वर्मा बुधवार को जालंधर स्थित ईडी के दफ्तर में पेश हुए। इससे पहले उन्हें 2 बार बुलाया गया था, लेकिन दोनों बार जरूरी दस्तावेज जुटाने के चलते उन्होंने समय मांगा था। अनुराग वर्मा सुबह 11 बजकर 7 मिनट पर ईडी दफ्तर पहुंचे। उनके हाथ में दस्तावेजों की फाइल थी।
अपनी गाड़ी से उतरने के बाद वह सीधे ईडी दफ्तर में दाखिल हो गए। अनुराग वर्मा को ईडी ने सनटेक सिटी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है। मामला मोहाली के सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। ईडी इसमें कथित अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की जांच कर रही है।
अनुराग वर्मा अभी अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व विभाग) हैं। हालांकि, जिस समय की अनियमितताओं की जांच हो रही है, उस दौरान वह हाउसिंग और शहरी विकास विभाग के प्रमुख के तौर पर काम देख रहे थे। इससे पहले इसी मामले में IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ भी 2 बार पेश हो चुकी हैं।
जालंधर स्थित ईडी दफ्तर।
सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड में फाइनेंशियल गड़बड़ियां सामने आई थीं। जब ये गड़बड़ियां हुईं, तब ये अधिकारी आवास निर्माण एवं शहरी विकास विभाग के प्रमुख थे। ईडी इन अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि निजी बिल्डरों को लाभ पहुंचाने के लिए जमीन के उपयोग में बदलाव (CLU) और अवैध लेआउट के मामले में नियमों का उल्लंघन किया गया था या नहीं।
इसके अलावा, सनटेक सिटी मामले में आरोप है कि पंजाब रीजनल एंड टाउन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्ट की धारा 90 के तहत की जाने वाली कार्रवाई को नजरअंदाज कर केवल धारा 85 के तहत कार्रवाई की गई, जिससे बिल्डर को राहत मिली।