लुधियाना में मजदूरों ने जीटी रोड किया जाम:11 घंटे काम और कम वेतन पर जताई नाराजगी, समझाने पर भी नहीं मानें
Punjab News Live -PNL
April 28, 2026
ताजा खबर, पंजाब, लुधियाना
लुधियाना , (PNL) : लुधियाना के खन्ना में एक निजी फैक्ट्री के सैकड़ों मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर जीटी रोड जाम कर दिया। यह प्रदर्शन मंजी साहिब के पास फैक्ट्री के बाहर किया गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन उनसे नियमों के विपरीत 10 से 11 घंटे काम करवाता है, जबकि नियमानुसार 8 घंटे की ड्यूटी होनी चाहिए। उन्होंने कम वेतन देने और मजदूरों के साथ बदसलूकी करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। यह फैक्ट्री इलाके की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में से एक है, जहां हजारों मजदूर कार्यरत हैं।
अपने अधिकारों के लिए नारे लगाए
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला मजदूर भी शामिल थीं, जिन्होंने अपने अधिकारों के लिए नारे लगाए। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। उनका कहना है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
फैक्ट्री के अधिकारी समझाने पहुंचे
दूसरी ओर, फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने का प्रयास किया। प्रबंधन का कहना है कि मामले को बातचीत से सुलझाया जा सकता है, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे और उन्होंने जाम खोलने से इनकार कर दिया।
स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश
इस प्रदर्शन के कारण जीटी रोड पर लंबे समय तक यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। खबर लिखे जाने तक मजदूरों का धरना जारी था और मामले के समाधान के लिए बातचीत चल रही थी।