जालंधर में पालतू कुत्ते का बच्चे पर हमला:नानी ने डंडे से मारकर भगाया; परिवार बोला-पहले भी कई लोगों को काट चुका
Punjab News Live -PNL
October 19, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर के अवतार नगर में रविवार देर रात 9 बजे गली में खेल रहे एक 13 साल के बच्चे पर पालतू कुत्ते ने हमला कर उसे बुरी तरह काट लिया। बच्चे की चीखें सुनकर उसकी नानी डंडा लेकर मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार और इलाके के लोगों में रोष है।पीड़ित परिवार के सदस्य रजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि कुत्ते के मालिक उसे खुला छोड़ देते हैं, जिससे गली में खेलने वाले बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में रहती है। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुत्ता पहले भी दो-तीन बच्चों को काट चुका है। इससे अभिभावकों में डर है और बच्चों का बाहर खेलना मुश्किल हो गया है।
परिजनों ने प्रशासन से लापरवाही बरतने वाले मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है।दूसरी ओर कुत्ते के मालिक ने कहा कि गेट खुला रहने के कारण कुत्ता गलती से बाहर निकल गया था। उन्होंने दावा किया कि कुत्ते को सभी जरूरी टीके लगवाए गए हैं। मालिक ने पीड़ित परिवार से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी घटना न होने देने का भरोसा दिया।