जालंधर पुलिस कमिश्नर की सीट पर टिक नहीं पा रहे IPS अधिकारी, 9 महीने में चार सीपी बदल गए, पढ़ें
Punjab News Live -PNL
January 24, 2023
जालंधर, पंजाब, होम
संदीप साही
जालंधर, (PNL) : मीडिया का हब कहे जाने वाले जालंधर शहर में पुलिस कमिश्नर टिक नहीं पा रहे हैं। जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से दो-चार महीने बाद कमिश्नर का तबादला कर दिया जाता है। सरकार आने के बाद 9 महीने में चार पुलिस कमिश्नर बदल चुके हैं। जब तक कमिश्नर शहर के बारे में जानते हैं, तब तक उनका ट्रांसफर हो जाता है। आप सरकार दौरान कुलदीप सिंह चहल जालंधर के पांचवे पुलिस कमिश्नर है।
बता दें कि कमिश्नर का पद आईपीएस अधिकारी को ही दिया जाता है। चुनाव दौरान IPS नौनिहाल सिंह के पास शहर की कमान थी। सरकार बदलने के बाद अप्रैल, 2022 में नौनिहाल सिंह का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह गुरप्रीत सिंह तूर को नया कमिश्नर लगा दिया गया। जून, 2022 में गुरप्रीत सिंह तूर रिटायर हो गए, जिसके बाद गुरशरण सिंह संधू को कमिश्नर की कमान सौंपी गई।
संधू नवंबर महीने तक सीपी रहे और फिर डॉ. एस भूपत्ति को नया कमिश्नर लगा दिया गया। अभी भूपत्ति शहर बारे जानना शुरू हुए ही थे कि अब उनका तबादला हो गया। उनकी जगह आईपीएस अधिकारी कुलदीप चहल को शहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चहल जालंधर के पुराने जानकार हैं। 2009 में आईपीएस बने चहल ने 2010 में थाना चार में ट्रेनिंग दौरान बतौर एसएचओ का काम देखा है। अब देखना होगा कि चहल कब तक जालंधर में बतौर कमिश्नर टिक पाते हैं।