जालंधर में मां की बहादुरी से बच्ची की किडनैपिंग नाकाम:नशे मे धुत्त आरोपी को जड़े थप्पड़, लोगों ने हाथ-पैर बांधे; बोला-टॉफी दे रहा था
Punjab News Live -PNL
May 29, 2026
जालंधर, ताजा खबर, पंजाब
जालंधर , (PNL) : जालंधर में मां की बहादुरी से एक मासूम बच्ची किडनैप होने से बच गई। नशे में धुत एक मजदूर ने बच्ची के मुंह पर कपड़ा डालकर उसे उठाने की कोशिश की। मां ने ये देख लिया और उसे थप्पड़ मारकर गिरा दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर लांबड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। मामला लांबड़ा थाने के अंतर्गत नाला पुल क्षेत्र का है। पीड़ित महिला निहाल मायके आई हुई थी और अपनी छोटी बच्ची को दवाई दिलाने के लिए सिविल अस्पताल जाने की तैयारी में थी। जब वह सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी एक मजदूर काफी देर से उसका पीछा कर रहा था।
अब विस्तार से जानिए क्या-क्या हुआ:-
-
महिला ने आरोपी को जड़े थप्पड़: महिला ने बताया कि जैसे ही वह ऑटो में बैठने के लिए मुड़ी, उस व्यक्ति ने पीछे से आकर बच्ची के मुंह पर कपड़ा डाल दिया, ताकि वह चिल्ला न सके। महिला ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और मुड़कर आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया। आरोपी नशे में था और जमीन पर गिर पड़ा।
-
आरोपी ने टॉफी देने का बनाया बहाना: पकड़े जाने पर आरोपी ने बहाना बनाया कि वह बच्ची को किडनैप नहीं कर रहा था, बल्कि उसे टॉफियां देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि महिला और आसपास के लोग उसकी नीयत समझ चुके थे।
-
हाथ-पैर बांधकर दबोचा: हंगामा बढ़ता देख आरोपी ने मौके से भागने की कई बार कोशिश की, जिसके बाद इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे वहीं दबोच लिया। स्थानीय निवासियों और पीड़ित महिला ने पुलिस प्रशासन पर भी अपना गुस्सा जाहिर किया।
-
सरेआम धमकी दे रहा था आरोपी: महिला का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने तुरंत 100 और 112 नंबर पर फोन किया, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब सवा घंटा लग गया। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पकड़े जाने के बाद आरोपी सरेआम धमकी दे रहा था कि जेल जाने के बाद वह एक फोन करेगा और तुरंत बाहर आ जाएगा।
महिला बोली- पुलिस ने बयान तक नहीं लिया
महिला ने पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर दुख जताते हुए कहा कि पुलिस आरोपी को गाड़ी में डालकर ले गई, लेकिन उनसे लिखित शिकायत या बयान तक नहीं लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।