पंजाब CM को जापान जाने की नहीं मिली परमिशन:केंद्र ने सुरक्षा का हवाला दिया, एशियन गेम्स का हॉकी मैच देखने जाने वाले थे मान
Punjab News Live -PNL
October 1, 2026
चंडीगढ़, ताजा खबर, पंजाब
मोहाली , (PNL) ; पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को एशियन खेलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मैच देखने के लिए जापान जाने की केंद्र सरकार की ओर से राजनीतिक मंजूरी नहीं दी गई है। केंद्र सरकार की ओर से इस दौरे को रद्द करते हुए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया है।राज्य सरकार के सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के दौरान किसी भी वीआईपी की सुरक्षा सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती होती है। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा सकता।
1 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 3 को फाइनल बता दें कि, मुख्यमंत्री भगवंत मान को एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुकाबले देखने के लिए जापान जाने का निमंत्रण मिला था। एशियन गेम्स में पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल 1 अक्टूबर और फाइनल 3 अक्टूबर को होने हैं।
-
एशियन हॉकी फेडरेशन ने भेजा निमंत्रण: मुख्यमंत्री मान को यह निमंत्रण 21 सितंबर को एशियन हॉकी फेडरेशन की ओर से मिला था। उन्हें आइची-नागोया एशियन गेम्स में हॉकी प्रतियोगिता के अंतिम चरणों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। निमंत्रण में 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 2-3 को फाइनल मुकाबलों का उल्लेख था।
-
पंजाब में भी एक बड़ा हॉकी टूर्नामेंट होने वाला है: मान को जापान आने का निमंत्रण ऐसे समय मिला, जब पंजाब में भी बड़ा हॉकी टूर्नामेंट होने वाला है। पंजाब 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा।
-
व्यवस्थाओं को करीब से देखने का मौका: एशियन हॉकी फेडरेशन का कहना था कि जापान दौरे से पंजाब के प्रतिनिधिमंडल को बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की व्यवस्थाओं को करीब से देखने का मौका मिल सकता है। इससे पंजाब में होने वाले एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों में भी मदद मिल सकती है।
पहले भी विदेश यात्राओं की मंजूरी को लेकर हुआ विवाद CM की जापान यात्रा इसलिए भी चर्चा में थी क्योंकि इससे पहले भी कुछ विदेश यात्राओं के लिए केंद्र से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिली थी। अगस्त 2024 में विदेश मंत्रालय ने मान को पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मैच देखने के लिए फ्रांस जाने की मंजूरी नहीं दी। मान को 3 से 9 अगस्त तक पेरिस में रहना था। उस समय केंद्र के फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार और केंद्र के बीच राजनीतिक विवाद भी हुआ था।
ब्रिटेन और इजरायल यात्रा को राजनीतिक मंजूरी नहीं इसके बाद जनवरी 2026 में भी केंद्र ने मान की प्रस्तावित ब्रिटेन और इजरायल यात्रा को राजनीतिक मंजूरी नहीं दी थी। यह यात्रा प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट से पहले निवेशकों तक पहुंच बनाने के कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित थी। इस दौरे में पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के भी शामिल होने की योजना थी।
दिसंबर 2025 में जापान-दक्षिण कोरिया गए थे मान मुख्यमंत्री भगवंत मान आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए विदेश यात्राएं कर चुके हैं। दिसंबर 2025 में उन्होंने पंजाब के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए जापान का दौरा किया था। इसके बाद वे निवेश से जुड़े कार्यक्रमों के लिए दक्षिण कोरिया भी गए थे।