जालंधर , (PNL) : जालंधर के संविधान चौक (बीएमसी चौक) के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ऑडी कार अनियंत्रित होकर बीच सड़क पलट गई। इस हादसे में कार चालक को गंभीर चोटें आईं, हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को कार से शराब की बोतल बरामद हुई है। कार के सड़क के बीचों-बीच पलटने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना थाना-4 की पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कार चालक तेज रफतार में था घटनास्थल से गुजर रहे पूर्व विधायक कांग्रेस रजिंदर बेरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार चालक बीएसएफ चौक की तरफ से संविधान चौक की ओर आ रहा था। कार अत्यधिक तेज गति में थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के दौरान इस कार ने आगे चल रही एक अन्य कार को भी चपेट में ले लिया।
चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार के अंदर से शराब की बोतलें मिली हैं। लोगों ने आशंका जताई है कि चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। थाना-4 की पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस जांच शुरू
थाना चार की एसएचओ अनु पलयाल ने पुष्टि की कि उन्हें कंट्रोल रूम से संविधान चौक के पास कार पलटने और राहगीरों को हो रही परेशानी की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि उनकी टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच जारी है।