चंडीगढ़ , (PNL) : मोहाली के सोहाना इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी की गई। गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास स्थित माता साहिब कौर गुरुद्वारा के पास सड़क पर श्री गुटका साहिब के क्षतिग्रस्त अंग मिले हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।इंसाफ की मांग को लेकर सिख संगत ने एयरपोर्ट रोड पर जाम कर दिया। इससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। अधिकारियों का कहना है कि नए कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही दोषी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

संगत ने सड़क पर बिखरे गुटका साहिब के अंगों को सिरोपा साहिब में इकट्ठा किया।
सेवादार ने देखे गुटका साहिब के अंग
जानकारी के अनुसार, मामला मंगलवार शाम का है। घटना का पता तब चला जब गुरुद्वारे में तैनात सेवादार ने श्री गुटका साहिब के अंगों को जमीन पर गिरा देखा। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।बेअदबी से नाराज लोगों ने इकट्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने एयरपोर्ट रोड को बंद कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। इस दौरान वाहनों की लंबी लाइनें देखने मिलीं।

punjabnewslive

