Thursday , May 28 2026
Breaking News

जालंधर में तेज रफ्तार टिप्पर पेड़ से टकराया:टहनियां टूटकर सड़क पर गिरी, बिजली सप्लाई ठप; अंधेरे में डूबा इलाका

जालंधर , (PNL) :  जालंधर में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार टिप्पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ की बड़ी टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं और बिजली के तार इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद पूरा रास्ता अवरुद्ध हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई, जबकि प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है, क्योंकि काफी समय बीतने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। हादसा शेर सिंह कॉलोनी से नाला पुल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुआ।

मलबे के कारण लंबा जाम

मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी लाडी ने बताया कि टिप्पर उनकी गाड़ी से महज 10 फुट की दूरी पर था। इसी दौरान सड़क किनारे से गुजर रहे एक प्रवासी रेहड़ी वाले से यह वाहन सिर्फ 8-10 इंच के फासले से निकला, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।

इसके तुरंत बाद टिप्पर पेड़ से जा टकराया। टहनियां टूटने से एक युवक घायल हो गया, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई वाहन चालकों को वापस लौटना पड़ा।

प्रशासनिक अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस आपात स्थिति के बावजूद बिजली विभाग और प्रशासन के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि जेई और एसडीओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

अंधेरे में डूबा इलाका

पेड़ गिरने से बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई राहत कार्य शुरू नहीं हुआ है। सड़क पर अब भी अंधेरा छाया हुआ है और पेड़ की कुछ भारी टहनियां हवा में लटकी हुई हैं, जो कभी भी गिर सकती हैं।

मौके पर चेतावनी बोर्ड या बैरिकेड न होने से तेज रफ्तार वाहनों के लिए खतरा बना हुआ है। लोग मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द मलबा हटाकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी और हादसे से बचा जा सके।

About Punjab News Live -PNL

Check Also

पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने गोल्डन टेंपल में माथा टेका:बोले- गुरु घर में मिली सकारात्मक ऊर्जा; युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

अमृतसर  , (PNL) :  मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता जसबीर जस्सी ने देर शाम (बुधवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!